Wednesday, June 10, 2026
Google search engine
Homeगढ़वालदेहरादूनहाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री 3.7 करोड़ के पार, पहाड़ की महिलाओं...

हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री 3.7 करोड़ के पार, पहाड़ की महिलाओं की मेहनत को मिला राष्ट्रीय पहचान

देहरादून। पहाड़ की महिलाओं की मेहनत से तैयार विशुद्ध उत्तराखंडी उत्पादों का ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ लांचिंग के दो साल के भीतर ही बड़ी कामयाबी हासिल कर चुका है। अब तक इस ब्रांड के उत्पादों की कुल बिक्री 3.7 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। आने वाले समय में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद विदेशी बाजारों में भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित हाउस ऑफ हिमालयाज, उत्तराखंड की महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का कॉमन ब्रांड है। इसका शुभारंभ दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। प्रधानमंत्री के हाथों लांचिंग के बाद ब्रांड की मांग में तेजी से इजाफा हुआ।

वर्तमान में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद ऑफलाइन के साथ-साथ जियो मार्ट, अमेजन, ब्लिंकिट, बिग बास्केट और ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट houseofhimalayas.com पर भी उपलब्ध हैं।

50 विशिष्ट उत्पाद शामिल
इस ब्रांड के अंतर्गत फिलहाल 50 विशिष्ट उत्पाद शामिल किए गए हैं। इनमें मिलेट्स बिस्किट, मुनस्यारी, चकराता और हर्षिल की राजमा, चौलाई, तोर दाल, पहाड़ का परंपरागत लाल चावल, झंगोरा, गहथ, काले भट्ट, चाय, तेल, पर्सनल केयर और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद शामिल हैं। उत्पादों की गुणवत्ता की जांच तीन स्तरों पर की जा रही है। सरकार स्थानीय मेलों, त्योहारों और सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से इन उत्पादों की खरीद को प्रोत्साहित कर रही है। दिवाली जैसे पर्वों पर विशेष गिफ्ट पैक भी पेश किए गए, जिन्हें ग्राहकों ने खूब पसंद किया।

तीन हजार से अधिक महिलाओं को मिला रोजगार
हाउस ऑफ हिमालयाज के अंतर्गत अब तक 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस पहल से राज्य की 3,300 से अधिक ग्रामीण महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं, जबकि व्यापक क्रय नेटवर्क के जरिए 28,000 से अधिक महिलाओं को अप्रत्यक्ष लाभ मिला है।

ब्रांड के उत्पाद राज्य और देश के प्रमुख शहरों में 26 आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध हैं, जिनमें जौलीग्रांट एयरपोर्ट का एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट भी शामिल है। इसके अलावा प्रतिष्ठित होटल श्रृंखलाओं, यात्रा केंद्रों और चारधाम मार्ग पर 10 फ्लोर स्टैंडिंग यूनिट्स के जरिए भी बिक्री की जा रही है। कंपनी रिलायंस फ्रेशपिक, फ्लिपकार्ट और जेप्टो के साथ करार की कोशिश में है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए अमेजन ग्लोबल और वॉलमार्ट से साझेदारी के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल टू ग्लोबल विजन के अनुरूप हाउस ऑफ हिमालयाज का उद्देश्य उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को सुदृढ़ बनाकर प्रामाणिक हिमालयी उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम बाजारों में स्थापित करना है। इससे प्रदेश के किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी को मजबूती मिली है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments